बिहार के विभिन्न जिलों में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन की पृष्ठभूमि में पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर शुक्रवार को शेखपुरा जिला प्रशासन ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना, कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा किसी भी संभावित अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की प्रशासनिक तैयारी का संदेश देना रहा।
शेखपुरा। बिहार के विभिन्न जिलों में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर शुक्रवार को शेखपुरा जिला प्रशासन ने शहर के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च का नेतृत्व जिलाधिकारी शेखर आनंद एवं पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार ने किया। इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। मार्च के माध्यम से आम लोगों को शांति, कानून-व्यवस्था और आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया गया।
फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। प्रशासन का उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना तथा किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन की तैयारियों से लोगों को अवगत कराना था। विभिन्न स्थानों पर मौजूद लोगों से प्रशासनिक अधिकारियों ने सहयोग की अपील भी की।
जिलाधिकारी शेखर आनंद ने कहा कि यदि जिले में किसी प्रकार का छात्र आंदोलन या विरोध-प्रदर्शन होता है, तो उससे शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। उन्होंने छात्रों से किसी भी प्रकार के बहकावे में नहीं आने तथा अपनी बात शांतिपूर्ण ढंग से रखने की अपील की। साथ ही अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें और उन्हें कानून का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, लेकिन कानून-व्यवस्था भंग करने या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार ने कहा कि जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और तैयार है। उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी स्थिति पर तुरंत नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट सूचनाओं से सावधान रहें। यदि किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासन और पुलिस के कई अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी शेखर आनंद, पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार, एसडीपीओ डॉ. राकेश कुमार, ज्योति कुमारी, धर्मेंद्र कुमार, मुरारी कुमार, गौतम कुमार, अखिलेश सिंह सहित अन्य सब-इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी एवं पुलिसकर्मी शामिल हुए। पूरे मार्च के दौरान प्रशासन ने लोगों से शांति, सामाजिक सौहार्द और कानून का सम्मान बनाए रखने की अपील की।
शेखपुरा से अरविन्द कुमार की रिपोर्ट।