खरीफ मौसम 2026 के दौरान किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। जिले के सभी प्रखंडों में डीएपी, यूरिया, एनपीके, एसएसपी, एमओपी और जिंक सहित विभिन्न प्रकार के उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। कृषि विभाग ने कहा है कि उर्वरकों की बिक्री पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की रोक लागू नहीं है।
अररिया: खरीफ मौसम 2026 में किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और कृषि विभाग लगातार निगरानी कर रहे हैं। जिला कृषि पदाधिकारी ने जानकारी दी कि 11 जुलाई 2026 की उपलब्धता रिपोर्ट के अनुसार जिले के सभी नौ प्रखंडों में डीएपी, यूरिया, एनपीके, एसएसपी, एमओपी एवं अन्य उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। किसानों को निर्धारित दर पर नियमानुसार उर्वरकों की बिक्री की जा रही है और किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।
कृषि विभाग के अनुसार जिले में वर्तमान समय में कुल 24,890.998 मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध है, जो बैगों की संख्या में 5,25,454 है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में उर्वरकों की बिक्री पर किसी प्रकार की कोई रोक नहीं लगाई गई है। किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार अधिकृत खुदरा विक्रेताओं से उर्वरक खरीद सकते हैं।
जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि सभी खुदरा उर्वरक विक्रेताओं को निर्धारित मूल्य पर पारदर्शी तरीके से बिक्री करने का निर्देश दिया गया है। क्षेत्रीय कृषि समन्वयक एवं कृषि कर्मी लगातार बाजार की निगरानी कर रहे हैं ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। यदि कहीं कालाबाजारी, जमाखोरी, अधिक मूल्य वसूली या बिक्री में अनियमितता की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रखंडवार उपलब्धता पर नजर डालें तो अररिया प्रखंड में डीएपी 568.127 मीट्रिक टन, एमओपी 228.150 मीट्रिक टन, एनपीके 815.250 मीट्रिक टन, एसएसपी 498.100 मीट्रिक टन तथा यूरिया 2251.125 मीट्रिक टन उपलब्ध है। फारबिसगंज में डीएपी 613.735 मीट्रिक टन, एनपीके 969.600 मीट्रिक टन तथा यूरिया 1717.332 मीट्रिक टन का भंडार है। भरगामा में डीएपी 474.750 मीट्रिक टन एवं यूरिया 912.819 मीट्रिक टन उपलब्ध है।
नरपतगंज में डीएपी 482.225 मीट्रिक टन, एनपीके 915.525 मीट्रिक टन तथा यूरिया 1486.975 मीट्रिक टन उपलब्ध है। रानीगंज में यूरिया 1731.660 मीट्रिक टन, पलासी में 1421.125 मीट्रिक टन तथा जोकीहाट में 1135.530 मीट्रिक टन यूरिया का स्टॉक मौजूद है। इसके अलावा कुर्साकांटा और सिकटी प्रखंडों में भी डीएपी, एनपीके, एसएसपी एवं अन्य उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता दर्ज की गई है।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत उर्वरक विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदें तथा निर्धारित मूल्य से अधिक राशि की मांग होने या किसी प्रकार की अनियमितता दिखाई देने पर तत्काल कृषि विभाग या संबंधित अधिकारियों को सूचना दें। प्रशासन का कहना है कि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को निर्बाध रूप से उर्वरक उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और इसके लिए नियमित निगरानी जारी रहेगी।
अररिया से राजीव रंजन की रिपोर्ट।