अररिया के फारबिसगंज में लगातार बढ़ती जाम की समस्या से राहत दिलाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुचारू बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है। अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में वन-वे व्यवस्था, बैरिकेडिंग और ट्रैफिक नियमों के प्रभावी पालन को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
फारबिसगंज, अररिया। शहर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी अभय कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने तथा नई व्यवस्थाओं को सख्ती से लागू करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अंचल पदाधिकारी पंकज कुमार, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी राहुल कुमार, थानाध्यक्ष मनोज कुमार, नगर परिषद के नगर प्रबंधक शशि कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शहर के प्रमुख मार्गों और व्यस्त चौक-चौराहों पर यातायात प्रबंधन को मजबूत करने के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करने पर सहमति जताई।
बैठक के दौरान राम मनोहर लोहिया पथ और रेलवे ढाला के समीप की गई बैरिकेडिंग तथा वन-वे व्यवस्था को सख्ती से लागू कराने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशासन का मानना है कि इन व्यवस्थाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जाम की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा।
अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी और मनमाने तरीके से वाहन चलाना जाम की बड़ी वजह है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लागू की गई वन-वे व्यवस्था और बैरिकेडिंग का उद्देश्य शहर में यातायात को व्यवस्थित करना है। आवश्यकता के अनुसार आगे भी अतिरिक्त व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी।
बैठक में नगर परिषद, पुलिस प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों द्वारा नियमित निगरानी रखने का भी निर्णय लिया गया, ताकि यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावी बनी रहे। प्रशासन ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, वन-वे व्यवस्था का सम्मान करने और शहर को जाममुक्त बनाने के प्रयासों में सहयोग देने की अपील की।