शेखपुरा जिला कांग्रेस आश्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंदी कुमार यादव ने जिले के सभी 6 प्रखंडों के लिए नए प्रखंड अध्यक्षों के नामों की औपचारिक घोषणा की। इस दौरान नव नियुक्त अध्यक्षों को सम्मानित किया गया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में कांग्रेस युवा नेता राहुल कुमार सहित कई कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
शेखपुरा: शेखपुरा जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष आनंदी कुमार यादव ने पत्र जारी कर छह प्रखंड अध्यक्षों की नियुक्ति की जानकारी दी। घोषित पदाधिकारियों में बरबीघा प्रखंड के लिए दीपक सिंह, शेखोपुर सराय के लिए शंकर प्रसाद उर्फ भैया जी, शेखपुरा सदर के लिए संजय सिंह, घाटकुसुम्भा के लिए अमीर मंडल, चेवाड़ा के लिए गोरेलाल महतो और अरियरी प्रखंड के लिए प्रमोद यादव को जिम्मेदारी दी गई है। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस युवा नेता राहुल कुमार ने सभी नव नियुक्त प्रखंड अध्यक्षों और OBC जिलाध्यक्ष पप्पू राज मंडल को माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने नए पदाधिकारियों को बधाई दी।
जिला अध्यक्ष आनंदी कुमार यादव ने कहा कि पार्टी नेतृत्व की ओर से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि नए प्रखंड अध्यक्ष जमीन से जुड़े और सक्रिय कार्यकर्ता हैं, जो गांव-गांव तक संगठन को मजबूत करने में भूमिका निभाएंगे।
पंचायत और बूथ स्तर पर संगठन विस्तार का लक्ष्य
नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्षों ने संयुक्त रूप से संकल्प लिया कि 15 दिनों के भीतर अपनी-अपनी कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक पंचायत में कांग्रेस कमेटी बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पार्टी नेताओं ने किसान, युवा और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही।
राहुल कुमार ने कहा कि जिले के छह प्रखंडों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी क्षेत्र में सक्रिय रहकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को लोगों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष और पंचायत अध्यक्षों की नियुक्ति के साथ संगठन का विस्तार किया जाएगा। पार्टी की ओर से तैयार किए गए कार्यक्रमों और मुद्दों को गांव-गांव तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है।
कार्यक्रम में अति पिछड़ा जिला अध्यक्ष पप्पू राज मंडल सहित सत्यजीत सिंह, राजेश रंजन उर्फ गुरु मुखिया, गंगा कुमार यादव, शिव शंकर महतो, गोबर्धन सिंह, गुड्डू सिंह, बिपिन चौरसिया, दानी प्रसाद, श्रवण सिंह, पिंटू कुमार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। छह प्रखंड अध्यक्षों की एक साथ घोषणा के बाद शेखपुरा जिला कांग्रेस संगठन में नई सक्रियता देखी जा रही है। पार्टी पदाधिकारियों ने आने वाले समय में संगठन को पंचायत और बूथ स्तर तक विस्तार देने का लक्ष्य रखा है।