अररिया टोल प्लाजा पर साहित्यकार फणीश्वर नाथ रेणु के परिवार के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला गरमा गया। परिजनों ने सम्मान आहत होने की बात कही, वहीं प्रशासन ने जांच का भरोसा दिया।
अररिया। अररिया टोल प्लाजा पर प्रसिद्ध साहित्यकार फणीश्वर नाथ रेणु के परिवार के सदस्यों के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। घटना के बाद रेणु परिवार ने इसे न केवल अपमानजनक बताया, बल्कि इसे आम यात्रियों के साथ होने वाले व्यवहार का संकेत भी करार दिया है।
जानकारी के अनुसार, रेणु परिवार के सदस्य निजी वाहन से पूर्णिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अररिया टोल प्लाजा पर स्थानीय नंबर की गाड़ी को रोक लिया गया। परिजनों का आरोप है कि पहचान बताने और एक पूर्व विधायक से बात कराने की सलाह दिए जाने के बाद विवाद बढ़ गया।
परिवार के मुताबिक, टोल कर्मियों ने उनकी बात सुनने से इनकार किया और कथित तौर पर कैमरा ऑन कर वीडियो वायरल करने जैसी बातें कहीं। इस दौरान टोल प्लाजा परिसर में तनाव का माहौल बन गया और कुछ देर तक बहस जारी रही।
रेणु परिवार के सदस्य दक्षिणेश्वर प्रसाद राय ‘पप्पू’ ने इस घटना को मानसिक रूप से आहत करने वाला अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि जिस परिवार का देश के साहित्य और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ाव रहा है, उसके साथ ऐसा व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण है। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर भी इस मामले की चर्चा तेज हो गई है।
स्थानीय वाहनों से वसूली को लेकर फिर उठे सवाल
घटना के बाद रेणु परिवार ने स्थानीय नंबर वाली गाड़ियों से टोल वसूली को लेकर भी सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि पहले भी स्थानीय वाहनों से वसूली और व्यवहार को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इधर, मामले की जानकारी मिलते ही अररिया जिला प्रशासन सक्रिय हुआ। प्रशासन की ओर से बताया गया है कि टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अभद्र व्यवहार की पुष्टि होती है तो संबंधित कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने कहा कि यात्रियों के सम्मान और सेवा नियमों का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाना जरूरी है।
