अररिया में महिला की हत्या, स्कूल परिसर से दफन शव बरामद

बथनाहा के श्यामनगर बालूगढ़ स्थित निर्माणाधीन डॉ. अंबेडकर आवासीय विद्यालय परिसर में महिला का शव जमीन से बरामद, पति गिरफ्तार

बथनाहा/अररिया। जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र स्थित श्यामनगर बालूगढ़ में निर्माणाधीन डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय परिसर से पुलिस ने जमीन में दफन महिला का शव बरामद किया है। मामले में महिला के पति को गिरफ्तार किया गया है, जिसने पूछताछ के दौरान हत्या की बात स्वीकार की है। घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 23 वर्षीय नुसरत प्रवीण के रूप में हुई है। वह पूर्णिया जिले के के. नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेगमपुर की रहने वाली थी। करीब पांच वर्ष पूर्व उसकी शादी महबूब आलम से हुई थी। दंपति की दो वर्ष की एक बेटी भी है। बताया गया कि दोनों श्यामनगर स्थित निर्माणाधीन विद्यालय परिसर में मजदूरी का काम करते थे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ईद के आसपास किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी पति ने पत्नी का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने शव को छिपाने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार उसने देर रात विद्यालय परिसर में गहरा गड्ढा खोदा और शव को बोरी में बंद कर जमीन के नीचे दफना दिया। इसके बाद वह अपनी बेटी को घर छोड़कर वापस मजदूरी पर लौट आया, ताकि किसी को उस पर संदेह न हो।

पिता के शक के बाद खुला हत्याकांड

कई दिनों तक बेटी से संपर्क नहीं होने पर मृतका के पिता मतिउर्रहमान को संदेह हुआ। उन्होंने दामाद से बेटी से बात कराने को कहा, लेकिन वह लगातार टालमटोल करता रहा। इसके बाद 13 मई को के. नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने महबूब आलम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। रविवार को डीएसपी राज किशोर कुमार और बथनाहा थाना पुलिस की मौजूदगी में आरोपी की निशानदेही पर विद्यालय परिसर में खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया। मामले में फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *