पलासी में स्कूटी से 36 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार

गुप्त सूचना पर पलासी थाना पुलिस ने डाला हाईस्कूल गेट के पास कार्रवाई करते हुए स्कूटी से 36 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। मौके से एक कथित तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

पलासी (अररिया): पलासी थाना पुलिस ने गुरुवार को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए डाला हाईस्कूल गेट के समीप एक स्कूटी से 36 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। इस दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मामले में नामजद प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुअनि रत्नेश कुमार के लिखित आवेदन पर पलासी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज मामले में गिरफ्तार युवक राजेश भगत, पलासी चौक वार्ड संख्या 05 निवासी को अभियुक्त बनाया गया है।

गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई

प्राथमिकी में बताया गया है कि गुरुवार सुबह करीब नौ बजे पुअनि रत्नेश कुमार थाना में ओडी ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि बेलबाडी गांव की ओर से एक युवक स्कूटी पर शराब लेकर पलासी की तरफ आने वाला है। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम डाला हाईस्कूल गेट के समीप पहुंचकर निगरानी करने लगी।

कुछ देर बाद एक युवक स्कूटी से वहां पहुंचा। पुलिस को देखते ही वह भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, चौकीदार के सहयोग से पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम राजेश भगत बताया।

तलाशी में मिली शराब, स्कूटी जब्त

पुलिस द्वारा स्कूटी की तलाशी लेने पर उसमें रखी 36 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके बाद बरामद शराब और स्कूटी को जब्त कर युवक को थाना लाया गया। मामले को लेकर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में अररिया भेज दिया गया है।

पलासी से दिलीप बिश्वास की रिपोर्ट

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *