भभुआ (कैमूर)। UPSC परीक्षा में 280वीं रैंक हासिल कर कनिष्क ने न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे कैमूर जिले का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि की खबर मिलते ही भूपेश गुप्त महाविद्यालय, भभुआ परिसर में खुशी का माहौल बन गया। महाविद्यालय के कर्मचारियों और शिक्षकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।
बताया गया कि कनिष्क, महाविद्यालय के संस्थापक एवं भभुआ के पूर्व विधायक स्व. रामलाल सिंह के पोते हैं। वे अरुण कुमार सिंह उर्फ मिलन सिंह के छोटे पुत्र हैं। कनिष्क की इस सफलता से महाविद्यालय परिवार के साथ-साथ जिले के लोगों में भी उत्साह देखा जा रहा है।
इतिहास विभाग के सहायक प्राध्यापक और राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रणधीर कुमार ने बताया कि कनिष्क शुरू से ही पढ़ाई में प्रतिभाशाली रहे हैं। उन्होंने कहा कि UPSC जैसी कठिन परीक्षा में सफलता हासिल करना उनके कठोर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कनिष्क आगे भी अपने कार्यों से समाज और देश का नाम रोशन करेंगे।
महाविद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों ने इसे शिक्षा और मेहनत की जीत बताते हुए कहा कि इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी। कनिष्क की सफलता से यह साबित होता है कि छोटे शहरों और कस्बों से भी प्रतिभाएं निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
इस मौके पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रामराज सिंह, भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. रामलाल सिंह, दर्शनशास्त्र विभाग के डॉ. बाबूलाल राम, डॉ. राजनाथ सिंह, डॉ. राम एकबाल सिंह, डॉ. दिनेश सिंह, प्रधान लिपिक बीरेंद्र प्रसाद, डॉ. किशोर प्रसाद गुप्ता, लल्लन प्रसाद सिंह, चुनमुन कुमार सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
सभी ने कनिष्क को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।