दिलीप बिश्वास पलासी (अररिया) थाना क्षेत्र के कड़ोड़ दिघली वार्ड -11 निवासी सीएसपी संचालक अनिल कुमार यादव ने गांव के ही कुछ लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने तथा 3.72 लाख रुपये छीनने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़ित ने पलासी थाना में आवेदन देकर आरोपितों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना 18 अगस्त 2026 की शाम करीब चार बजे की बताई गई है। पीड़ित का कहना है कि वह किसी कार्य से घर से निकलकर दरवाजे पर आया था। इसी दौरान विकास कुमार यादव पिता -नारायण यादव, निवासी कड़ोड़ डिघली वार्ड-11 ने कथित रूप से उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विकास कुमार यादव एवं अशोक यादव सहित अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि इसी दौरान उसके पास बैग में मौजूद 3 लाख 72 हजार रुपये भी ले लिए गए। आवेदन में बताया गया है कि रुपये एक बैग में रखे हुए थे। विरोध करने पर आरोपितों ने कथित रूप से उसके साथ दोबारा मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित के अनुसार घटना के बाद जब वह कनखुदिया मोड़ की ओर गये, तो वहां भी उक्त लोगों ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। आवेदन में विकास कुमार यादव एवं अशोक यादव के अलावा तीन-चार अज्ञात लोगों को भी आरोपित किया गया है। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर पुलिस द्वारा अनुसंधान की जा रही है।