दिलीप बिश्वास पलासी अररिया प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत पलासी मुख्य बाजार में इन दिनों जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है ,मुख्य बाजार में घंटों जाम लगे रहने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाजार की मुख्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही अधिक होने के कारण कई बार जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।
जाम के कारण छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और लोगों को काफी देर तक फंसे रहना पड़ता है।
सबसे अधिक परेशानी बाजार आने वाले ग्रामीणों, दुकानदारों और स्कूली बच्चों को उठानी पड़ती है।
जाम के कारण पैदल चलने वाले लोगों को भी सड़क पार करने में परेशानी होती है।स्थानीय लोगों का कहना है कि पलासी बाजार में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने की जरूरत है। वहीं जदयू प्रखंड अध्यक्ष शमीम आलम एवं राजद अध्यक्ष हेमनारायण यादव ने भी पलासी बाजार की जाम समस्या पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बाजार में लगातार लग रहे जाम से आम जनता को काफी परेशानी हो रही है। शमीम आलम ने कहा कि पलासी बाजार को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए ठोस पहल जरूरी है।उन्होंने प्रशासन से अतिक्रमण और सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों पर कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों ने भी बाजार में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की है।लोगों का कहना है कि पीक आवर में यातायात पुलिस या जवानों की तैनाती की जाए। सड़क किनारे लगने वाले वाहनों और दुकानों को व्यवस्थित करने की जरूरत बताई गई। स्थानीय लोगों ने कहा कि जाम का स्थायी समाधान होने से बाजार की व्यवस्था बेहतर होगी। इससे दुकानदारों के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी। अब लोगों की नजर प्रशासन की ओर है कि पलासी बाजार की जाम समस्या के समाधान के लिए कब ठोस कदम उठाया जाता है।