दिलीप बिश्वास पलासी / अररिया के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने गुरुवार 20 अगस्त 2026 को पलासी थाना का औचक निरीक्षण किया। एसपी जितेन्द्र कुमार ने अचानक थाना पहुंचने से पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों में सक्रियता बढ़ गई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्था, मालखाना तथा विभिन्न सरकारी अभिलेखों के रख-रखाव का बारीकी से जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक ने थाना में संधारित विभिन्न अभिलेखों की जांच करते हुए उनके नियमित एवं व्यवस्थित रख-रखाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मालखाना में रखे सामान एवं संबंधित अभिलेखों की स्थिति की भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में साफ-सफाई एवं कार्यालयी व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। एसपी जितेंद्र कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह सजग रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहें। ड्यूटी के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करें। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने विशेष रूप से जन-सुनवाई को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार से कहा कि थाना पहुंचने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और नियमानुसार उनके मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। आम लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया। एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि थाना में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और शिकायतों की सुनवाई पारदर्शी तरीके से की जाए। उन्होंने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने तथा कानून के अनुरूप मामलों के निष्पादन पर भी जोर दिया।
औचक निरीक्षण के दौरान थाना अध्यक्ष मिथिलेश कुमार सहित थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण के क्रम में आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया।