हसनपुर/समस्तीपुर। प्रखंड अंतर्गत सर्वेश्वर धाम पटसा में पवित्र सावन मास की तीसरे सोमवार को शिव भक्त व भगवान शिव की मिलन स्थली सर्वेश्वर धाम महादेव मंदिर पटसा में शिवभक्ति से सराबोर रहा। सोमवार की अहले सुबह से ही बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। समस्तीपुर समेत आसपास के कई जिलों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा व अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान शिव का विधि-विधान से अभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य तथा मंगलमय जीवन की कामना की। इस दौरान दिनभर मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव‘ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजता रहा। बताते हैं कि पवित्र सावन मास की तीसरी सोमवारी के कारण सामान्य दिनों की अपेक्षा श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक रही। मंदिर न्यास समिति के सदस्य सुभाषचंद्र झा उर्फ बिदूर जी झा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा, बैरिकेडिंग, पेयजल एवं कतारबद्ध दर्शन की समुचित व्यवस्था की गई थी। वहीं मंदिर न्यास समिति के सदस्यों पूरे दिन व्यवस्थाओं की निगरानी में जुटे रहे, जिससे भोलेनाथ जी का दर्शन की व्यवस्था सुचारु बनी रही।