पूर्णिया। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सक्रिय विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ ने वर्ष 2026 में रक्तदान एवं रक्त उपलब्ध कराने के क्षेत्र में 100 यूनिट का आंकड़ा पार कर लिया है। संगठन ने रविवार रात सूचना मिलने के बाद एक गंभीर मरीज के लिए तत्काल रक्त की व्यवस्था की, जिसके बाद यह उपलब्धि दर्ज की गई।
मानव सेवा अभियान में संगठन की महत्वपूर्ण उपलब्धि
पूर्णिया के लाइन बाजार शिव मंदिर रोड स्थित चाय दुकान संचालक राजीव कुमार पासवान ने रविवार रात संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी को सूचना दी कि उनके रिश्तेदार रामसागर पासवान इनफिनिटी हॉस्पिटल में भर्ती हैं और उन्हें रक्त की आवश्यकता है। सूचना के अनुसार मरीज टीबी, ब्लड शुगर सहित कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं।
चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि मरीज के शरीर में पर्याप्त मात्रा में रक्त का निर्माण नहीं हो पा रहा है। ऐसी स्थिति में उन्हें तीन यूनिट रक्त चढ़ाने की आवश्यकता बताई गई। जरूरत की जानकारी मिलते ही संगठन के कार्यकर्ताओं ने सक्रियता दिखाई और तत्काल एक यूनिट रक्त उपलब्ध कराया। रक्त की व्यवस्था होने से मरीज के उपचार में सहायता मिली। इसी के साथ संगठन द्वारा वर्ष 2026 में जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान और रक्त उपलब्ध कराने की संख्या 100 यूनिट के पार पहुंच गई।
रक्तदान के लिए युवाओं से आगे आने की अपील
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने बताया कि संस्था लगातार जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में रक्त की उपलब्धता कई मरीजों के लिए जीवन बचाने वाली सहायता साबित होती है।
उन्होंने रक्तदाताओं और संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं के सहयोग के लिए आभार जताया तथा युवाओं से नियमित रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों के साथ मानव सेवा के क्षेत्र में भी संगठन लगातार कार्य कर रहा है।
संगठन की ओर से बताया गया कि भविष्य में भी जरूरतमंद मरीजों तक रक्त पहुंचाने और जनसेवा से जुड़े कार्यों को जारी रखने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के राष्ट्रीय मंत्री खगेश कुमार, राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी नीतीश कुमार, वार्ड संख्या 24 के अध्यक्ष रितिक कुमार, वार्ड संख्या 7 के अध्यक्ष प्रिंस कुमार, विक्की गोस्वामी, पूर्णिया गोरक्षा प्रमुख नवीन कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।