अररिया-पूर्णिया मार्ग पर कुसियार गांव के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में साइकिल सवार समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई स्कॉर्पियो पहले रेलिंग से टकराई और फिर विपरीत दिशा से आ रही ब्रेजा से भिड़ गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अररिया। अररिया-पूर्णिया मार्ग पर कुसियार गांव पार्क के समीप शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। दुर्घटना में एक साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अस्पताल में उपचार के दौरान मां-बेटे समेत तीन अन्य लोगों ने दम तोड़ दिया। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
साइकिल सवार को बचाने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड अंतर्गत सकमा बिशनपुर गांव निवासी मयानंद झा, शांति देवी, गौतम कुमार ठाकुर उर्फ रटू समेत छह लोग स्कॉर्पियो वाहन से मधेपुरा जिले के रामनगर में आयोजित एक पारिवारिक क्रिया-कर्म में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान कुसियार गांव के पास अचानक सामने आए एक साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। स्कॉर्पियो पहले सड़क किनारे रेलिंग से टकराई और फिर दूसरी लेन में पहुंचकर सामने से आ रही मारुति ब्रेजा से भिड़ गई।
अस्पताल में तीन घायलों की हुई मौत
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो और ब्रेजा दोनों वाहनों में सवार कुल दस लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल अररिया पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने मयानंद झा, शांति देवी और गौतम कुमार ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में मां-बेटा और उनके परिजन शामिल बताए जा रहे हैं।
घायलों में जवाहर झा, लक्ष्मी ठाकुर, मधु लता देवी सहित अन्य लोगों का इलाज जारी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद परिजनों में शोक का माहौल है तथा स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।