अररिया में गैस सिलेंडर पर्याप्त, 5 एजेंसियों पर छापेमारी

अररिया में गैस संकट की अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। 5 गैस एजेंसियों पर छापेमारी कर निगरानी और तेज कर दी गई है।

अररिया। जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर फैल रही आशंकाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने कहा है कि गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कई स्तरों पर कदम उठाए गए हैं।

जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक पंचायत में पंचायत सरकार भवन एवं पंचायत भवनों में गैस वितरण से संबंधित कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं शहरी क्षेत्रों में नगर पंचायत एवं नगर परिषद के अंतर्गत तीन-तीन वार्डों का क्लस्टर बनाकर कंट्रोल रूम संचालित किए जा रहे हैं, जिससे लोगों तक गैस की उपलब्धता और शिकायतों के त्वरित समाधान को सुनिश्चित किया जा सके।

05 गैस एजेंसियों पर छापेमारी, शिकायत निवारण व्यवस्था सक्रिय

गैस वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ाते हुए गुरुवार को जिले की 05 गैस एजेंसियों पर छापेमारी की। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों के निष्पादन के लिए जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। प्रशासन के अनुसार 17 मार्च से 22 मई 2026 तक कुल 535 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 521 मामलों का समाधान किया जा चुका है। शेष 14 लंबित शिकायतों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित एजेंसियों के एरिया मैनेजर को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि गैस आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की समस्या होने पर जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06453-222309 पर संपर्क करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही तेल एवं प्राकृतिक गैस से जुड़ी उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए वैवाहिक कार्यक्रमों के लिए वाणिज्यिक एलपीजी आपूर्ति की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *