विधायक देवंती यादव ने गोखलापुर निवासी मृतक अमर कुमार (18 वर्ष, पिता विजय राम), अमन कुमार (पिता मनोज पासवान) समेत मानिकपुर गांव के अन्य दो मृत मजदूरों के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
नरपतगंज (अररिया): इंदौर की पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण हादसे के बाद नरपतगंज विधानसभा क्षेत्र की विधायक देवंती यादव ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर दुख साझा किया। हादसे की जानकारी मिलते ही विधायक क्षेत्र के गोखलापुर पंचायत के वार्ड संख्या आठ और मानिकपुर गांव पहुंचीं, जहां उन्होंने मृत मजदूरों के परिजनों से मिलकर घटना की विस्तृत जानकारी ली और उन्हें ढांढस बंधाया।
विधायक ने गोखलापुर निवासी 18 वर्षीय अमर कुमार (पिता विजय राम) और अमन कुमार (पिता मनोज पासवान) के परिजनों से मुलाकात की। इसके अलावा मानिकपुर गांव के अन्य दो मृत मजदूरों के घर भी पहुंचकर शोक संतप्त परिवारों का हाल जाना। मुलाकात के दौरान परिजनों ने हादसे के बाद उत्पन्न कठिन परिस्थितियों की जानकारी विधायक को दी।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर जताई चिंता
इस दर्दनाक घटना पर दुख व्यक्त करते हुए विधायक देवंती यादव ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पटाखा फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिसके कारण इतना बड़ा हादसा हुआ। उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन से मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही कहा कि जांच में जो भी फैक्ट्री संचालक या संबंधित अधिकारी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
विधायक ने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि इस दुख की घड़ी में वे उनके साथ खड़ी हैं और हर संभव सहायता के लिए प्रयास करेंगी। उन्होंने घायल मजदूरों के बेहतर इलाज की भी मांग की।
गौरतलब है कि पांच दिन पूर्व मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में नरपतगंज प्रखंड के गोखलापुर और मानिकपुर गांव के दो-दो मजदूरों समेत कुल चार लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, करीब आधा दर्जन मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिनका इलाज फिलहाल इंदौर के एक स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। कुछ घायलों की हालत अब भी गंभीर बताई जा रही है।
