आरा महिला कॉलेज नियुक्ति विवाद, परिवारवाद के आरोप

जगदीशपुर के संत श्री बराहना महिला कॉलेज में नियुक्ति पत्र वितरण पर घमासान, पूर्व प्रत्याशी ने मंत्री और कॉलेज प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

आरा के जगदीशपुर नगर स्थित संत श्री बराहना महिला कॉलेज में हाल ही में हुए नियुक्ति पत्र वितरण को लेकर विवाद गहरा गया है। रविवार को राजद कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व विधानसभा प्रत्याशी किशोर कुणाल ने कॉलेज प्रशासन और वर्तमान विधायक सह बिहार सरकार के योजना एवं विकास मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा पर परिवारवाद और अनियमित नियुक्तियों के गंभीर आरोप लगाए।

किशोर कुणाल ने कहा कि कॉलेज में बहाली प्रक्रिया पारदर्शी नहीं रही और योग्य अभ्यर्थियों की उपेक्षा कर रिश्तेदारों एवं करीबी लोगों को लाभ पहुंचाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक के करीबी और परिवार से जुड़े लोगों को महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति दी गई है। उनके अनुसार, विधायक के पूर्व निजी सहायक रहे अरुण प्रसाद को कॉलेज का सचिव बनाया गया, जबकि मंत्री परिवार से जुड़े कई लोगों को प्रोफेसर सहित अन्य पदों पर नियुक्त किया गया।

प्रेस वार्ता के दौरान कॉलेज के प्राचार्य दिनेश कुमार मिश्रा पर भी गंभीर आरोप लगाए गए। किशोर कुणाल ने दावा किया कि प्राचार्य ने अपने पुत्र दीपक कुमार को भंडारपाल तथा दामाद अजीत कुमार तिवारी को कार्यालय लिपिक पद पर नियुक्त कराया। उन्होंने यह भी कहा कि रोहतास जिले के कई लोगों को कॉलेज में नौकरी दी गई, जबकि जगदीशपुर के स्थानीय शिक्षित युवाओं को नजरअंदाज किया गया।

जांच और दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग

किशोर कुणाल ने आरोप लगाया कि कॉलेज में नियुक्तियों और अनुदान राशि जारी करने में कथित आर्थिक लेन-देन भी हुआ है। उन्होंने दावा किया कि एक सेवानिवृत्त प्राध्यापक ने अनुदान राशि जारी करने के बदले पैसे मांगने के आरोप में थाना में आवेदन दिया है।

उन्होंने कॉलेज की सभी नियुक्तियों की उच्चस्तरीय जांच कराने, चयन प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो मामला विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षा विभाग और राज्यपाल तक ले जाया जाएगा। प्रेस वार्ता में आफताब खान उर्फ भोला खान, अनिल कुमार सिंह, अमित कुमार सिंह, भैया लाल सिंह, अजय यादव, श्यामलाल सिंह, कल्लू कुशवाहा, सलीम अंसारी, मुंजी यादव, हृदयानंद सिंह, सुनील शर्मा, हरेंद्र कुशवाहा और नंद जी सिंह सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *