हेमनगर चौक पर भीषण सड़क हादसा, कार-ट्रक टक्कर में 4 घायल

फारबिसगंज प्रखंड अंतर्गत परवाहा क्षेत्र में शनिवार को रानीगंज-सरसी मुख्य मार्ग एसएच-77 पर हुए सड़क हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना हेमनगर चौक के समीप हुई, जहां सड़क पर मकई फैले रहने के कारण एक कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार रानीगंज की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर बिखरे मकई के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और चालक नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और सभी को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल रानीगंज भेजा। अस्पताल में चिकित्सक शीतल गुप्ता की देखरेख में घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया।

घायलों की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर

हादसे में घायल लोगों की पहचान मधेपुरा जिले के चौसा निवासी विपिन कुमार और शत्रुघ्न कुमार के रूप में हुई है। वहीं खगड़िया जिले के बेला निवासी रणधीर कुमार तथा अच्युतम शर्मा भी दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों को गंभीर चोटें आई हैं। स्थिति चिंताजनक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर मकई फैले रहने से अक्सर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। घटना के बाद कुछ समय तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *