फारबिसगंज पहुंचे पूर्णिया रेंज IG, अपराध नियंत्रण पर जोर

फारबिसगंज एसडीपीओ कार्यालय पहुंचे पूर्णिया रेंज के आईजी विवेकानंद ने अभिलेखों की गहन जांच की, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश दिए और नशा कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

फारबिसगंज। पूर्णिया प्रक्षेत्र के आईजी विवेकानंद ने शनिवार को फारबिसगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कार्यालय का निरीक्षण किया। उनके पहुंचने पर कनीय पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बलों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद आईजी सीधे एसडीपीओ कार्यालय पहुंचे और कार्यालय कक्ष का निरीक्षण करते हुए विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान अपराध अनुक्रमणी पंजी, विशेष प्रतिवेदित कांड पंजी तथा अन्य अभिलेखों की बारीकी से जांच की गई। साथ ही अनुमंडल क्षेत्र के महत्वपूर्ण लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को त्वरित गति से निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। आईजी ने फरार वारंटियों एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने, प्रतिवेदित मामलों में पर्यवेक्षण टिप्पणी देने तथा पुलिस मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। इसके अतिरिक्त विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर भी कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

नशा कारोबार पुलिस के लिए चुनौती, कार्रवाई जारी

निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में आईजी विवेकानंद ने कहा कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत एसडीपीओ कार्यालय का निरीक्षण किया गया है। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान अपराध नियंत्रण, अनुसंधान व्यवस्था तथा कार्यालय अभिलेखों के रखरखाव का जायजा लिया गया।

आईजी ने कहा कि नशे का कारोबार पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है और इसका प्रभाव अब गांवों तक फैल रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए पूर्णिया रेंज के विभिन्न जिलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने जानकारी दी कि पूर्णिया जिले में पिछले छह माह के दौरान करीब आठ किलो स्मैक बरामद की गई है, जबकि अररिया जिले में लगभग तीन हजार किलो गांजा एवं भारी मात्रा में स्मैक जब्त की गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशा कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

मौके पर एसपी जितेंद्र कुमार, एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा, फारबिसगंज थानाध्यक्ष मनोज कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर धन प्रसाद, रानीगंज सर्किल इंस्पेक्टर बीके सिंह, भरगामा थानाध्यक्ष राजेश कुमार, सिमराहा थानाध्यक्ष प्रेम कुमार भारती सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *