पलासी में करंट लगने से 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौ/त

चहटपुर पंचायत में ट्रांसफार्मर के पास हुआ हादसा, ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया

पलासी, अररिया। जिले के पलासी प्रखंड अंतर्गत चहटपुर पंचायत वार्ड संख्या 9 में मंगलवार शाम करंट लगने से एक 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मो. तारीक (22 वर्ष), पिता स्वर्गीय गयास, निवासी चहटपुर पंचायत के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मो. तारीक मंगलवार शाम अपने घर से पशुओं के लिए चारा लाने निकले थे। बताया जाता है कि रास्ते में ट्रांसफार्मर के समीप से गुजरने के दौरान वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

ग्रामीणों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

युवक की असमय मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए ट्रांसफार्मर के आसपास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि ट्रांसफार्मर के आसपास सुरक्षा घेराबंदी और जरूरी सावधानी बरती गई होती, तो इस तरह की घटना को टाला जा सकता था।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की भी अपील की गई है। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल देखा जा रहा है। स्थानीय लोग भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं।

पलासी, अररिया 
रिपोर्ट : दिलीप बिश्वास

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *