शाहपुर में बारात पर हमला, थाने में कराई गई शादी

शोभिटोला गांव में बारातियों पर लाठी-डंडों से हमला, दूल्हा समेत कई घायल, पुलिस ने थाने के शिव मंदिर में कराई शादी

आरा जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत वार्ड संख्या-01 स्थित शोभिटोला गांव में सोमवार की शाम एक शादी समारोह के दौरान हिंसक घटना हो गई। बारात में शामिल लोगों पर कुछ स्थानीय एवं बाहरी तत्वों द्वारा लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दूल्हा, उसके पिता, भसुर समेत कई लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने हमलावरों पर गहने और नगदी लूटने का भी आरोप लगाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शोभिटोला गांव निवासी नरेश यादव की पुत्री सोनी कुमारी की शादी तियर थाना क्षेत्र के मनियारा गांव निवासी कृष्णधारी सिंह के पुत्र हरेंद्र कुमार के साथ तय थी। बारात गांव पहुंचने के कुछ देर बाद अचानक विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि प्रिंस कुमार, अभिषेक कुमार, उमेश यादव, सोनालाल और जेपी साह समेत करीब 20 अज्ञात लोगों ने बारातियों पर हमला कर दिया।

थाना परिसर में संपन्न हुई शादी

मारपीट की घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना की सूचना मिलने पर शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने दूल्हा-दुल्हन को थाना परिसर बुलाया।

थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में पुलिस की मौजूदगी में पूरे विधि-विधान के साथ दोनों की शादी संपन्न कराई गई। इस अनोखी शादी की चर्चा इलाके में बनी हुई है। मामले में दूल्हे के पिता कृष्णधारी सिंह के बयान पर पांच नामजद एवं 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की जांच में जुटी हुई है।

आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *