फारबिसगंज में भीषण आग: 4 घर राख, 8 मवेशियों की मौत

फारबिसगंज शहर से सटे प्रखंड के भागकोहेलिया पंचायत के चौरा वार्ड संख्या-03 में बुधवार की अहले सुबह भीषण अगलगी की घटना में चार घर जलकर पूरी तरह राख हो गए। हादसे में करीब 25 हजार रुपये नगद, फर्नीचर, कपड़े, अनाज, जेवरात, बर्तन तथा महत्वपूर्ण दस्तावेज समेत लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई। आग में झुलसकर आठ मवेशियों की भी मौत हो गई।

पीड़ित सुरेन मंडल एवं सुबोध मंडल ने बताया कि बुधवार तड़के करीब तीन बजे परिवार के सभी सदस्य घर में सोए हुए थे। इसी दौरान अचानक घर में आग लग गई। धुएं और आग की तपिश से नींद खुलने के बाद परिवार के लोगों ने शोर मचाया और किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने चारों घरों को अपनी चपेट में ले लिया।

दमकल ने पाया काबू, शॉर्ट सर्किट की आशंका

घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और चापाकल व मोटर के पानी से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। साथ ही अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक घरों में रखा लगभग सारा सामान जल चुका था।

पीड़ित परिवार के अनुसार अग्निकांड में करीब 10 लाख रुपये से अधिक की क्षति हुई है। आग लगने के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है और वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट हो सकता है, हालांकि प्रशासनिक स्तर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर मुखिया प्रतिनिधि रियाज अनवर, आलोक विश्वास, अरुण कुमार मंडल, कन्हैया कुमार, अरविंद कुमार, मुकुन भगत समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *