अररिया के पलासी थाना क्षेत्र से नाबालिग लड़की के कथित अगवा का मामला सामने आया है, जहां एक युवक कानपुर से 14 वर्षीय लड़की को अपने घर लेकर पहुंचा। मामले में युवक के पिता ने ही अपने बेटे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पलासी/अररिया। जिले के पलासी थाना क्षेत्र अंतर्गत ककोड़वा वार्ड संख्या चार में एक युवक द्वारा उत्तर प्रदेश के कानपुर से नाबालिग लड़की को कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने घर लाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर युवक के पिता ने अपने ही पुत्र के खिलाफ पलासी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने युवक और लड़की को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, ककोड़वा निवासी मो शमीम उर्फ श्याम ने बताया कि उनका पुत्र मो अहद लगभग एक माह पूर्व रोजगार के सिलसिले में कानपुर गया था। आरोप है कि रविवार की सुबह करीब चार बजे वह एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को अपने घर लेकर पहुंचा। लड़की की पहचान लेखा कुमारी (काल्पनिक नाम) के रूप में हुई है, जो कानपुर जिले के मंगलपुर थाना क्षेत्र के खमैला गांव की रहने वाली बताई गई है।
शिकायतकर्ता ने घटना की सूचना डायल 112 पर दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक और लड़की को अपने संरक्षण में लेकर पूछताछ शुरू की। इसके बाद दोनों को पलासी थाना लाया गया, जहां मामले को लेकर एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस ने मेडिकल जांच और बयान के लिए अररिया भेजा
पलासी थाना पुलिस के अनुसार, मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि युवक और नाबालिग लड़की को चिकित्सीय जांच तथा बयान दर्ज कराने के लिए अररिया भेजा गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लड़की युवक के साथ किन परिस्थितियों में पलासी पहुंची और मामले में क्या तथ्य सामने आते हैं।
फिलहाल पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। साथ ही नाबालिग लड़की के परिजनों से भी संपर्क स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है। जांच रिपोर्ट और बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
