फुलकाहा। नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत फुलकाहा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बॉर्डर के समीप 122 बोतल नेपाली शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान मिर्जापुर वार्ड संख्या-1 निवासी जीवन कुमार, पिता जयराम यादव के रूप में की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, युवक बाइक के जरिए नेपाली शराब लेकर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर रहा था। इसी दौरान फुलकाहा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने बॉर्डर क्षेत्र में निगरानी बढ़ाते हुए वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के क्रम में संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बाइक से 122 बोतल नेपाली शराब बरामद की गई।
पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी
शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने युवक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। मामले को लेकर फुलकाहा थाना अध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ की जा रही है। साथ ही शराब तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई को बॉर्डर क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।
