अररिया में 16.01 ग्राम स्मैक के साथ 3 गिरफ्तार, ₹8.36 लाख बरामद

अररिया में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने 16.01 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ के बाद तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी हुई और उसके घर से ₹8.36 लाख नकद बरामद किए गए।

अररिया। अररिया पुलिस ने मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 16.01 ग्राम स्मैक के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 10 मई 2026 को नगर थाना क्षेत्र के त्रिशुलिया घाट जाने वाली सड़क पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बाबाजी की कुटी के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल संख्या BR38AP-1554 पर सवार दो व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान राम कुमार राय के पास से पांच पुड़िया स्मैक बरामद हुई, जिसका वजन 1.6 ग्राम बताया गया। वहीं मो. अबु नसर उर्फ लड्डु के पास से चार पुड़िया स्मैक बरामद हुई, जिसका वजन 1.3 ग्राम था। इसके अलावा मोटरसाइकिल की सीट के नीचे रखे पारदर्शी प्लास्टिक बैग से छोटे-छोटे पैकेट में बंधी 37 पुड़िया स्मैक बरामद की गई, जिसका वजन 13.11 ग्राम पाया गया। कुल मिलाकर पुलिस ने 16.01 ग्राम स्मैक जब्त की।

निशानदेही पर तीसरे आरोपी के घर छापेमारी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर इस्तमा टोला निवासी मो. रउफ के घर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान ट्रंक और बक्से से ₹8,36,400 नकद बरामद किए गए। इसके बाद मो. रउफ को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुधेश्वरी रामपुर वार्ड-13 निवासी राम कुमार राय, बुधेश्वरी वार्ड-12 निवासी मो. अबु नसर उर्फ लड्डु तथा इस्तमा टोला निवासी मो. रउफ के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में अररिया थाना कांड संख्या 246/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया है। मामले में अन्य बिंदुओं पर साक्ष्य संकलन और जांच जारी है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *