अररिया में 4.3 करोड़ से बने मोक्ष धाम का आज लोकार्पण

अररिया को मिला आधुनिक मोक्ष धाम! 4.3 करोड़ की लागत से बने शवदाहगृह का आज होगा लोकार्पण, अंतिम संस्कार की व्यवस्था होगी आसान।

अररिया। अररिया नगर परिषद क्षेत्र के लोगों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। बिहार सरकार की सात निश्चय योजना-2 के तहत नगर परिषद अररिया द्वारा 4.3 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक शवदाहगृह “बाबा खड़गेश्वरनाथ-सह-मां खड़गेश्वरी मोक्ष धाम” का लोकार्पण सोमवार, 11 मई 2026 को संध्या 5 बजे किया जाएगा। यह मोक्ष धाम परमान नदी के तिरसुलिया घाट पर बनाया गया है।

लोकार्पण कार्यक्रम में अररिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रदीप कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा नगर परिषद अररिया के मुख्य पार्षद विजय कुमार मिश्र, उप मुख्य पार्षद गौतम कुमार साह, कार्यपालक पदाधिकारी चंद्र प्रकाश राज, 29 वार्डों के पार्षद, नगर परिषद सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।

अंतिम संस्कार में मिलेगी आधुनिक सुविधा

नगर परिषद के अनुसार इस अत्याधुनिक शवदाहगृह के निर्माण से नगरवासियों को अंतिम संस्कार के दौरान होने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी। आधुनिक तकनीक से लैस इस शवदाहगृह में लकड़ी की खपत कम होने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। नगर परिषद का दावा है कि यह परियोजना शहर की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता को पूरा करेगी।

मुख्य पार्षद विजय कुमार मिश्र ने कहा कि लंबे समय से नगरवासियों को अंतिम संस्कार के दौरान कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसे देखते हुए आधुनिक शवदाहगृह निर्माण को प्राथमिकता दी गई। उनका कहना है कि किसी भी परिवार के लिए अपने परिजन को खोना अपूरणीय क्षति होती है, ऐसे समय में गरिमापूर्ण अंतिम संस्कार की सुविधा उपलब्ध कराना नगर परिषद की जिम्मेदारी है।

नगर परिषद प्रशासन ने नगरवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। तिरसुलिया घाट स्थित यह मोक्ष धाम अररिया शहर और आसपास के लोगों को आधुनिक एवं व्यवस्थित अंतिम संस्कार की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *