पलासी में नेपाली शराब बरामद, तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार

दिलीप बिश्वास, पलासी/अररिया। अररिया जिले के पलासी थाना क्षेत्र में बिहार सरकार की शराबबंदी नीति को लागू कराने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में चलाए जा रहे विशेष अभियान और छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए नेपाल निर्मित अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की है। हालांकि छापेमारी के दौरान आरोपी पुलिस को देख कर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई वार्ड संख्या 13, कलियागंज में की गई, जहां गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने योगेंद्र साह के घर पर छापेमारी की। पुलिस वाहन को देखते ही आरोपी घर से निकलकर भागने लगा और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस टीम ने घर की सघन तलाशी ली।

तलाशी के दौरान घर के पहले तल्ले की छत के छज्जे के पास नीचे रखे दो प्लास्टिक के बोरे बरामद किए गए। एक सफेद रंग के बोरे में ‘फाइटर प्रिमियम डीलक्स’ नेपाली शराब (300 एमएल) की 70 बोतल मिली। वहीं पीले रंग के प्लास्टिक बोरे से ‘रेशम लीची’ नेपाली शराब की 59 बोतल बरामद की गई। इस तरह कुल 129 बोतलों में 38.700 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।

पलासी थाना के थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है और आरोपी के खिलाफ बिहार शराबबंदी एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

थानाध्यक्ष ने यह भी कहा कि नेपाल सीमा से सटे होने के कारण पलासी क्षेत्र में नेपाली शराब की तस्करी पुलिस के लिए लगातार चुनौती बनी हुई है। ‘रेशम लीची’ जैसे नेपाली ब्रांड की शराब अक्सर सीमावर्ती इलाकों में पकड़ी जाती है। बावजूद इसके पुलिस की सतर्कता, गश्त और गुप्त सूचना के आधार पर की जा रही कार्रवाई से तस्करों पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है।

गौरतलब है कि बिहार में वर्ष 2016 से पूर्ण शराबबंदी लागू है, लेकिन सीमावर्ती जिलों में नेपाल से अवैध शराब की आपूर्ति का सिलसिला पूरी तरह थम नहीं पाया है। ऐसे में पुलिस प्रशासन लगातार रेड और निगरानी बढ़ाकर इस अवैध कारोबार पर रोक लगाने की कोशिश कर रहा है।

स्थानीय स्तर पर की गई यह कार्रवाई शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *