पलासी में पैक्स चुनाव को लेकर नामांकन शुरू, पहले दिन 82 उम्मीदवार मैदान में

दिलीप बिश्वास, पलासी (अररिया)। प्रखंड क्षेत्र में होने वाले पैक्स चुनाव को लेकर शुक्रवार से नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत हो गई। नामांकन के पहले ही दिन चुनावी माहौल गर्म दिखा और बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने अपना पर्चा दाखिल किया। पहले दिन कुल 82 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया, जिनमें अध्यक्ष पद के लिए 18 और सदस्य पद के लिए 64 उम्मीदवार शामिल हैं।

प्रखंड कार्यालय परिसर में सुबह से ही उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की भीड़ देखी गई। नामांकन के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरे दिन उम्मीदवारों के आने-जाने से कार्यालय परिसर में चुनावी हलचल बनी रही।

एआरओ अखिलेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन विभिन्न पंचायतों से कुल 82 अभ्यर्थियों ने पर्चा दाखिल किया। उन्होंने कहा कि शनिवार नामांकन का अंतिम दिन है, ऐसे में और भी उम्मीदवारों के नामांकन करने की संभावना है।

आरओ सह बीडीओ आदित्य प्रकाश के अनुसार प्रखंड की 11 पंचायतों—धर्मगंज, पीपरा बिजवार, चहटपुर, कनखूदिया, ब्रह्कुम्बा, सोहंदर, नकटा खुर्द, मियांपुर, बरदबट्टा, पेचैली और रामनगर में पैक्स चुनाव के लिए 18 मार्च को मतदान कराया जाएगा, जबकि 19 मार्च को मतगणना की जाएगी।

अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में बरदबट्टा पैक्स से सुखदेव मंडल और संतोष कुमार मंडल, पीपरा बिजवार से दयानंद चौधरी और अजित कपूर राही, नकटा खुर्द से प्रदीप कुमार यादव और मदन कुमार यादव, चहटपुर से मोहम्मद नवाजिश और आफाक आलम शामिल हैं।

इसी तरह धर्मगंज पैक्स से आकेश्वर यादव और प्रकाश यादव, कनखूदिया से युगेश चौधरी, ब्रह्कुम्बा से आषुतोष कुमार, पेचैली से जवादुल हक तथा मियांपुर से सबा जुबेर, जुलकुर नैन और जुबेर आलम ने भी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पर्चा दाखिल किया।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। नामांकन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।

इस दौरान थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, एआरओ कुमुद सिंह, बीसीओ प्रभात कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे और नामांकन प्रक्रिया की निगरानी करते रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *