बाल विवाह मुक्त भारत पर पंचायत स्तर पर जागरूकता

दरभंगा: जिला विधिक सेवा प्राधिकार, दरभंगा की ओर से अलीनगर प्रखंड के लहटा तुमौल सुहथ पंचायत स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय तुमौल में सौ दिवसीय ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत पंचायत स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर बाल विवाह प्रतिषेध कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सामाजिक भागीदारी सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार शिव गोपाल मिश्र ने कहा कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम का शत-प्रतिशत पालन तभी संभव है जब समाज के सभी वर्ग सक्रिय सहयोग दें। उन्होंने अभिभावकों और छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और मानसिक विकास पर भी समान रूप से ध्यान देना आवश्यक है। स्वस्थ शरीर और मन ही उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं।

लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर देते हुए उन्होंने खेलकूद के साथ-साथ जूडो-कराटे प्रशिक्षण लेने की सलाह दी, ताकि वे आत्मरक्षा में सक्षम बन सकें। कार्यक्रम की शुरुआत वृक्षारोपण से की गई, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बाल विवाह विषय पर नाटक और कविता पाठ प्रस्तुत कर सामाजिक कुरीति के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से दर्शाया। बच्चों की जीवंत प्रस्तुति की सराहना करते हुए न्यायाधीश ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान देने वाले शिक्षकों और सहयोगियों की सराहना की। उन्होंने शिक्षक सुनील कुमार झा, मुरारी लाल शर्मा तथा अधिवक्ता मृत्युंजय मृणाल के प्रयासों को विशेष रूप से उल्लेखनीय बताया।

कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी ललित कुमार मिश्र, प्रशिक्षु डीएसपी सह बहेड़ा थानाध्यक्ष रौशन कुमार, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य फूलचंद्र मिश्र रमण, शिक्षाविद रामकुमार झा, पंचायत मुखिया सतीश चंद्र झा एवं सरपंच शिवशंकर झा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि बाल विवाह उन्मूलन केवल कानून से नहीं, बल्कि सामूहिक जागरूकता और सामाजिक प्रतिबद्धता से ही संभव है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *