होली को लेकर गया में हाई अलर्ट, प्रशासन ने कसी कमर

गया। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में जिला प्रशासन की अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष तथा जिला स्तरीय अधिकारियों से एक-एक बिंदु पर विस्तृत जानकारी ली गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि 02 मार्च को होलिका दहन, 04 मार्च को होली तथा 05 मार्च 2026 को मटका फोड़ होली मनाई जाएगी। प्रशासन ने पर्व की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि सभी अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी दोनों समुदायों के लोगों से समन्वय स्थापित कर सौहार्दपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करें। संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी संयुक्त रूप से क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित करेंगे।

बैठक में पूर्ण शराबबंदी को लेकर सख्त निर्देश दिए गए। अवैध शराब बिक्री और मादक पदार्थों के सेवन पर कड़ी कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं। सभी थाना क्षेत्रों में विशेष शराब जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। सहायक आयुक्त उत्पाद के साथ समन्वय कर चिन्हित स्थानों पर ड्रोन से निगरानी करने को कहा गया है।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि होली के दौरान सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। साइबर मॉनिटरिंग के जरिए भ्रामक पोस्ट और संदेशों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

नगर निगम और कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि होली के दौरान कहीं भी जलापूर्ति बाधित न हो। साथ ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

झूमता और मटका फोड़ कार्यक्रमों को लेकर संबंधित क्षेत्रों का तीन दिनों के भीतर स्पॉट वेरिफिकेशन कराने का निर्देश दिया गया है। जिले के सभी हॉस्टल, लॉज और गेस्ट हाउस की जांच भी अनिवार्य रूप से कराने को कहा गया है। संवेदनशील स्थानों पर फ्लैग मार्च आयोजित करने और लगातार वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। विशेष रूप से हेलमेट जांच और ट्रिपल लोडिंग पर सख्ती बरती जाएगी।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों और पुलिस उपाधीक्षकों को निर्देश दिया कि संवेदनशील क्षेत्रों में 24 घंटे पेट्रोलिंग की व्यवस्था रहे। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को सतर्क रहने को कहा गया है।

स्पेशल ब्रांच को भी सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया गया है। विभिन्न संवेदनशील इलाकों से सूचनाएं एकत्र कर वरीय अधिकारियों को समय पर अवगत कराने को कहा गया है।

अंत में सभी अनुमंडल पदाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को दो दिनों के भीतर अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान शांति समिति के सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहेंगे ताकि किसी भी तरह की विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो।

प्रशासन ने साफ किया है कि होली का त्योहार आपसी भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक है, और इसे शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *