दिलीप बिश्वास
पलासी/अररिया। पलासी थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक महिला पर फरसा से हमला करने और आभूषण छीनने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता बीबी रहमेतुन निशा (45) ने थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
दिए गए आवेदन के अनुसार 23 फरवरी की सुबह सजीम, शौकत सहित अन्य लोग पीड़िता के दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने कथित रूप से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान सजीम ने फरसा से सिर पर वार कर दिया, जिससे महिला घायल हो गई।
शोर-शराबा सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची पुत्रवधू के साथ भी मारपीट की गई। पीड़िता ने आवेदन में गले से सोने की चेन छीनने तथा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद आसपास के लोग जुटने लगे तो सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।
घायल महिला का इलाज स्थानीय स्तर पर कराया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल देखा गया। पीड़िता ने आरोपितों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में पलासी थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।