दिलीप बिश्वास, अररिया/पलासी।
पलासी थाना क्षेत्र में नशीली दवा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 6 बोतल कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया।
थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि 24 फरवरी 2026 की शाम नियमित गश्ती के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि विलायती बाड़ी, वार्ड संख्या 06 में एक व्यक्ति अवैध रूप से कोडिनयुक्त कफ सिरप की बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया और रात करीब 10:05 बजे संदिग्ध के घर पर छापेमारी की गई।
तलाशी के दौरान घर में रखे एक लाल रंग के थैले से 100-100 एमएल की कुल 6 बोतल कफ सिरप बरामद की गई। बरामद सिरप की कुल मात्रा 600 एमएल बताई गई है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि सिरप में प्रतिबंधित मात्रा में कोडिन मौजूद है, जिसका दुरुपयोग नशे के रूप में किया जाता है।
मौके से 43 वर्षीय शाहीद आलम को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने विधिवत जप्ती सूची तैयार कर उसकी एक प्रति परिजनों को सौंप दी। इसके बाद आरोपी और जब्त सामग्री को थाना लाया गया, जहां सिरप को मालखाना में सुरक्षित रखा गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में संज्ञेय अपराध दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र में नशीली दवाओं की बिक्री किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से नशीली दवाओं के अवैध कारोबार की शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों में भरोसा जगा है कि प्रशासन अब इस पर सख्ती से अंकुश लगाएगा।
गौरतलब है कि कोडिनयुक्त कफ सिरप का दुरुपयोग युवाओं के बीच तेजी से बढ़ रहा है, जिससे समाज में नशे की प्रवृत्ति गहराती जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी इस तरह की गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल थाना को सूचित करें।
पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी विशेष अभियान चलाकर नशीले पदार्थों के खिलाफ सघन छापेमारी की जाएगी, ताकि क्षेत्र को नशामुक्त बनाया जा सके।