चांदनी चौक पर युवा मोर्चा ने किया राहुल गांधी का पुतला दहन

अररिया। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के तत्वावधान में शनिवार को शहर के चांदनी चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष दिव्य मूर्ति ने किया। मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण झा समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के संदर्भ में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर देश की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया। इसी मुद्दे को लेकर कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश से जुड़े मामलों पर गैर-जिम्मेदार बयान राष्ट्रहित के खिलाफ है।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा सर्वोपरि है और इसे राजनीतिक लाभ-हानि के तराजू पर नहीं तौला जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि एआई समिट जैसे वैश्विक मंच पर दिए गए बयान से देश की छवि को ठेस पहुंचाने की कोशिश की गई है। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि देश के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर युवा मोर्चा किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा।

कार्यक्रम के दौरान जिला महामंत्री आकाश राज, जिला कार्यालय मंत्री नीरज कुमार, जिला मीडिया प्रभारी सुमित कुमार सुमन, भाजपा नेता राजा मिश्रा, युवा मोर्चा के जिला महामंत्री आनंद मोहन, नगर अध्यक्ष गोपाल साह, अंतरा एलिस, सतीश कुमार, अनिल कुमार मंडल, सुजीत यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक सतर्कता भी देखी गई। हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। आयोजन के अंत में कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कहा कि देश का सम्मान सर्वोपरि है और इसके विरुद्ध किसी भी बयान का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *