-
पौत्र को आशीर्वाद देने के बाद बुजुर्ग ने तोड़ा दम, सदमे में पत्नी की भी एक घंटे में मृत्यु
-
एक घंटे में बुझ गई दो जिंदगियां, गांव में पसरा मातम
अररिया:- जिले के फारबिसगंज प्रखंड अंतर्गत हलहलिया पंचायत के वार्ड संख्या पांच में शुक्रवार को हुई इस घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। परिवार में शादी समारोह संपन्न होने के बाद जहां जश्न का माहौल था, वहीं कुछ ही देर में घर से उठी चीख-पुकार ने माहौल बदल दिया।
परिवार के बड़े पुत्र प्रमोद ठाकुर ने बताया कि गुरुवार को पंचानंद ठाकुर के पुत्र राजकुमार की शादी सुपौल जिले के छातापुर प्रखंड के सुरपतगंज वार्ड संख्या 10 निवासी भुवन ठाकुर की पुत्री नूतन कुमारी के साथ संपन्न हुई थी। बारात के लौटने के बाद घर में पारिवारिक रस्में चल रही थीं। इसी क्रम में 80 वर्षीय शुकदेव ठाकुर और उनकी पत्नी राधा देवी ने अपने पौत्र और नवविवाहिता को आशीर्वाद दिया।
बताया जाता है कि आशीर्वाद देने के कुछ ही देर बाद शुकदेव ठाकुर घर में कुर्सी पर बैठे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वहीं बैठे-बैठे उन्होंने दम तोड़ दिया। परिवार के लोग अभी इस घटना से उबर भी नहीं पाए थे कि शुकदेव ठाकुर की मृत्यु की सूचना मिलते ही राधा देवी गहरे सदमे में चली गईं। बताया गया कि करीब एक घंटे के भीतर उन्होंने भी अंतिम सांस ली।
एक साथ उठी अर्थी, गांव हुआ भावुक
लगातार दो मौतों की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे। दोनों बुजुर्ग दंपत्ति की एक साथ अर्थी निकाली गई। यह दृश्य देखकर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
दंपत्ति के तीन पुत्र — प्रमोद ठाकुर, चंदन ठाकुर और इंद्रदेव ठाकुर — सहित पूरा परिवार गहरे सदमे में है। अंतिम संस्कार के दौरान बड़े पुत्र ने अपने माता-पिता को एक साथ मुखाग्नि दी।
ग्रामीणों का कहना है कि जीवनभर साथ निभाने वाले इस दंपत्ति ने अंतिम यात्रा भी साथ ही पूरी की। शादी की खुशियों के बीच घटी इस घटना ने पूरे इलाके को भावुक कर दिया है।