पूर्णिया। सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर पूर्णिया और सीमांचल में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर ज्ञापन सौंपा। सांसद ने पूर्णिया कोर्ट स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करने, वॉशिंग कोचिंग पिट बनाने और स्टेशन की यात्री सुविधाओं को आधुनिक बनाने की मांग की।
पप्पू यादव ने जलालगढ़-किशनगंज नई रेल लाइन, कुर्सेला-बिहारीगंज रेल परियोजना और बिहारीगंज से भीमनगर-बीरपुर तक प्रस्तावित नई रेल लाइन की प्रक्रिया तेज करने की मांग भी उठाई। उन्होंने जोगबनी-दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस का पाटलिपुत्र जंक्शन पर दो मिनट का ठहराव देने तथा जानकीनगर स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग की।
सांसद ने दानापुर-सहरसा प्रस्तावित एक्सप्रेस के मार्ग में पूर्णिया को शामिल करने की मांग करते हुए कहा कि कोसी-सीमांचल में यात्री दबाव और रेलवे राजस्व के अनुरूप रेल सुविधाओं का विस्तार जरूरी है।
वहीं, दौरम मधेपुरा स्टेशन और सहरसा-पूर्णिया रेलखंड में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों की गुणवत्ता और कथित अनियमितताओं की जांच की मांग भी उन्होंने रेल मंत्री से की। उन्होंने CCTV, फायर सेफ्टी, पार्किंग, डिजिटल डिस्प्ले और अन्य यात्री सुविधाओं की स्थिति की उच्चस्तरीय तकनीकी एवं वित्तीय जांच कराने का आग्रह किया।
पप्पू यादव ने कहा कि सीमांचल के विकास के लिए लंबित रेल परियोजनाओं को गति देना और स्टेशनों का आधुनिकरण बेहद जरूरी है