अररिया में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर
अररिया, 12 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस-2026 एवं राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत बुधवार को अररिया में जिला स्तरीय भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
तिरंगा यात्रा जिला अतिथि गृह से शुरू होकर काली मंदिर चौक होते हुए नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थल तक पहुंची। यहां प्रभारी जिला पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता अररिया श्री अनिल कुमार झा सहित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने नेताजी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
यात्रा में स्कूली छात्र-छात्राओं, जीविका दीदियों, स्वयं सहायता समूहों, पंचायत प्रतिनिधियों, भारत स्काउट एवं गाइड, एनसीसी कैडेट्स, खेल क्लबों, युवा संगठनों सहित बड़ी संख्या में आमजन ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।
देशभक्ति के नारों से गूंजती यात्रा के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व, राष्ट्रध्वज के सम्मान और ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के उद्देश्यों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा सम्मानपूर्वक फहराने की अपील की गई।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।