पलासी प्रखंड में सर्पदंश से 6 वर्षीय बच्चे की मौत के बाद मामला गंभीर हो गया है। मृतक के परिजनों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पलासी के चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सरकारी जमीन पर बने कथित अवैध भवन और उसकी खराब देखरेख को भी हादसे का कारण बताया गया है। पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए जांच शुरू करने की बात कही है।
अररिया (पलासी): पलासी प्रखंड क्षेत्र में सर्पदंश से 6 वर्षीय मासूम सुशांत कुमार की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक के परिजनों ने पलासी थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पलासी के चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। साथ ही मजलिसपुर चौक स्थित सरकारी जमीन पर बने कथित अवैध भवन और उसकी देखरेख में लापरवाही को भी इस घटना की वजह बताया है। पुलिस ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए पूरे मामले की जांच का आश्वासन दिया है।
आवेदन के अनुसार, मृतक सुशांत कुमार के पिता रोहित मंडल तथा दादा अकेश्वर मंडल, निवासी डाला वार्ड संख्या-5, ने बताया कि 25 जुलाई 2026 को सुशांत कुमार मजलिसपुर चौक स्थित एक भवन के पास मौजूद था। इसी दौरान उसे गेहुंवन सांप ने दो बार डंस लिया। इसके बाद परिजन तत्काल उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पलासी लेकर पहुंचे।
परिजनों का आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद डॉ. तनवीर आलम ने तत्काल उपचार शुरू नहीं किया और पहले लक्षण स्पष्ट होने का इंतजार करने की बात कही। आवेदन में कहा गया है कि जब बच्चे की हालत गंभीर हो गई और वह बेहोश हो गया, तब प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जहागीर आलम ने एंटी स्नेक वैक्सीन लगाया। इसके बाद बच्चे को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल अररिया रेफर किया गया, जहां से उसे पूर्णिया भेज दिया गया। परिजनों का कहना है कि पूर्णिया ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
भवन की देखरेख पर भी उठाए सवाल
लिखित आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि मजलिसपुर चौक पर पंकज थनदार एवं सुरेश मंडल द्वारा सरकारी जमीन पर भवन बनाकर उसे किराये पर दिया गया है। परिजनों का कहना है कि भवन की समुचित साफ-सफाई और रखरखाव नहीं होने से आसपास झाड़-झंखाड़ और सांपों का खतरा बना रहता है, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद ग्रामीणों और सरकारी कर्मचारियों को गुमराह करने का प्रयास किया गया।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
आवेदन में पैक्स अध्यक्ष हजारी प्रसाद मंडल, राजेश मंडल, अमोद कुमार, चंचल कुमार, परमेश्वर कुमार, मुखिया प्रभु चंद विश्वास, दिलीप मंडल, सुंदर ठाकुर, किशन लाल ठाकुर, मजलिसपुर चौक अध्यक्ष रामानंद सरदार, रविंद्र मंडल सहित अन्य ग्रामीणों का उल्लेख करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
उधर, पलासी थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की जांच की जाएगी। वहीं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जहागीर आलम ने किसी भी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही से इनकार किया है। दूसरी ओर, भवन निर्माण से जुड़े लोगों की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
अररिया (पलासी) से दिलीप बिश्वास की रिपोर्ट।