अररिया: मद्य निषेध विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अररिया जीरो माइल के पास एक स्कॉर्पियो वाहन से 250.560 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में शराब पश्चिम बंगाल से लोड कर छपरा ले जाने की बात सामने आई है।
अररिया में 250 लीटर विदेशी शराब के साथ स्कॉर्पियो जब्त, चालक गिरफ्तार
अररिया। मद्य निषेध विभाग की टीम ने सोमवार 27 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अररिया थाना क्षेत्र के जीरो माइल के पास एक स्कॉर्पियो वाहन से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की। इस कार्रवाई में वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि वाहन को भी जब्त कर अग्रिम कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मद्य निषेध विभाग के अनुसार अधीक्षक मद्य निषेध, अररिया निरंजन कुमार झा को सूचना मिली थी कि विदेशी शराब की एक बड़ी खेप किशनगंज से फारबिसगंज की ओर फोर लेन सड़क के रास्ते भेजी जा रही है। सूचना मिलने के बाद पूजा कुमारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम में रंजीत कुमार सहित मद्य निषेध विभाग के अधिकारी, सिपाही एवं प्रतिनियुक्त गृह रक्षक बल के जवान शामिल थे।
जीरो माइल पर घेराबंदी कर की गई कार्रवाई
गठित टीम सोमवार सुबह करीब 8 बजे अररिया जीरो माइल पहुंची और किशनगंज की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। लगभग 8:20 बजे किशनगंज की दिशा से आ रही महिंद्रा स्कॉर्पियो (निबंधन संख्या BR01E-7752) को रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ के दौरान वाहन चालक ने स्वयं वाहन में शराब होने की जानकारी दी।
गिरफ्तार चालक की पहचान गुड्डू कुमार, पिता स्वर्गीय मनोज पंडित, निवासी लौवां वार्ड संख्या-6, पोस्ट सढ़वारा, थाना ईसुआपुर, जिला सारण के रूप में हुई है।
1,392 बोतल विदेशी शराब बरामद
वाहन की तलाशी के दौरान डिक्की तथा पिछली सीट के नीचे छिपाकर रखी गई Officer Choice Original Whisky की 180 मिलीलीटर क्षमता वाली कुल 1,392 बोतलें बरामद की गईं। बरामद शराब की कुल मात्रा 250.560 लीटर आंकी गई है।
पूछताछ में गिरफ्तार चालक ने बताया कि शराब पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्र से वाहन पर लोड की गई थी और इसकी खेप छपरा पहुंचाई जानी थी। बरामद सभी शराब की बोतलों पर “For Sale in West Bengal” अंकित पाया गया।
मौके पर विधिवत जप्ती सूची तैयार कर शराब एवं वाहन को जब्त किया गया। इसके बाद टीम जब्त सामान के साथ उत्पाद थाना, अररिया पहुंची। मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करते हुए अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।