अररिया नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब तीन क्विंटल गांजा बरामद किया है। मामले में छापेमारी के बाद फरार हुए केयरटेकर अवधेश ऋषिदेव को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये आंकी जा रही है। मामले में पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।
अररिया। नगर थाना क्षेत्र के कुसियारगांव पंचायत स्थित बायो डायवर्सिटी पार्क के गेट संख्या-02 के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-27 किनारे स्थित एक कामत में पुलिस ने छापेमारी कर करीब तीन क्विंटल गांजा बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 45 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने छापेमारी के बाद फरार हुए केयरटेकर अवधेश ऋषिदेव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार बुधवार दोपहर नगर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त कामत में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की। तलाशी के दौरान एक कच्चे मकान में रखी ट्रंक से चार बोरी तथा पुआल के ढेर से दो बोरी गांजा बरामद किया गया।
छापेमारी के दौरान वहां रह रहा परिवार मौके से फरार हो गया था। घटनास्थल से महिला के कपड़े और अन्य घरेलू सामान भी बरामद हुए, जिससे वहां परिवार के रहने की पुष्टि हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार कामत की देखरेख अवधेश ऋषिदेव करता था और वह अपनी मां तथा पत्नी के साथ वहीं रहता था।
बरामदगी के बाद गांजे का वजन करने के लिए पुलिस थाना से तराजू लाई गई, लेकिन तकनीकी कारणों से उसका उपयोग नहीं हो सका। इसके बाद आसपास की दुकान से डिजिटल वजन मशीन मंगाकर अधिकारियों की मौजूदगी में सभी बोरियों का वजन कराया गया। इसके बाद जब्त गांजा को नगर थाना लाया गया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
गांजा बरामद होने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि कामत में बने मचान पर प्रतिदिन लोगों का जमावड़ा लगता था और देर रात तक नशा करने की गतिविधियां होती थीं। वहीं स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि जिस कामत से गांजा बरामद हुआ, वह जमीन नरपतगंज के पूर्व भाजपा विधायक और उनके भाई की बताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में किसी व्यक्ति की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी होने की बात कही है।
नगर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि छापेमारी के बाद फरार हुए केयरटेकर अवधेश ऋषिदेव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है तथा उसके आधार पर पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।