आरएस थाना क्षेत्र के चनरदई चौक पर गुरुवार शाम पुलिस ने कोडीन युक्त कफ सिरप से लदी एक स्कॉर्पियो को जब्त कर उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि इस अवैध कारोबार के मुख्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस बरामद कफ सिरप की गिनती और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
अररिया: अररिया जिले के आरएस थाना क्षेत्र अंतर्गत चनरदई चौक पर गुरुवार शाम करीब आठ बजे नशीले कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। ग्रामीणों तथा चनरदई पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि एमडी शहबाजुर रहमान द्वारा पुलिस को गुप्त सूचना दी गई कि एक स्कॉर्पियो वाहन में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही आरएस थाना पुलिस महज दस मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्कॉर्पियो को घेरकर कब्जे में ले लिया गया और वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि इस अवैध कारोबार के मुख्य किरदार बताए जा रहे अन्य युवक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
जब्त वाहन का नंबर MP53 C 0911 बताया गया है। पुलिस ने वाहन को थाने लाकर सील कर दिया है और उसमें रखे कार्टनों की गिनती की जा रही है।
आरएस थाना अध्यक्ष ने बताया कि मध्य प्रदेश नंबर की स्कॉर्पियो को जब्त किया गया है। वाहन से बड़ी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद हुआ है। फिलहाल बरामद बोतलों और कार्टनों की गिनती की जा रही है। गिनती पूरी होने के बाद बरामदगी की आधिकारिक संख्या और आगे की कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी।
पुलिस फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जानी थी। प्रारंभिक जांच में पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। बिहार में कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी के खिलाफ पहले भी कई बड़ी कार्रवाइयां हो चुकी हैं।