जिला मुख्यालय बनने के 36 वर्ष बाद भी अररिया में स्थायी बस स्टैंड का अभाव स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है। परिवहन व्यवस्था, यातायात जाम और यात्रियों की परेशानी को देखते हुए अब जिले में आधुनिक बस स्टैंड निर्माण की मांग तेज हो गई है। इसी कड़ी में महिला संगठन की महिलाओं ने जिला पदाधिकारी के जनता दरबार में आवेदन देकर जल्द भूमि उपलब्ध कराने और अत्याधुनिक बस स्टैंड निर्माण की मांग उठाई है।
36 वर्षों बाद भी बस स्टैंड का इंतजार
अररिया: जिला बनने के 36 वर्ष बीत जाने के बावजूद जिला मुख्यालय में अब तक स्थायी बस स्टैंड का निर्माण नहीं हो सका है। इसका असर आम यात्रियों, वाहन चालकों और स्थानीय व्यापारियों पर साफ तौर पर देखा जा रहा है। वर्तमान में बसों, टेंपो, ऑटो और अन्य सार्वजनिक वाहनों के लिए निर्धारित स्थान नहीं होने से शहर के विभिन्न हिस्सों में अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती है। खासकर बाजार क्षेत्रों और मुख्य सड़कों पर जाम की समस्या आम हो गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला मुख्यालय होने के बावजूद अररिया में अब तक एक सुव्यवस्थित बस स्टैंड का निर्माण नहीं होना विकास की रफ्तार पर सवाल खड़ा करता है। लंबे समय से जिले की जनता की एक प्रमुख मांग रही है कि अररिया को अपना स्थायी और आधुनिक बस स्टैंड मिले, जिससे परिवहन व्यवस्था बेहतर हो सके और शहर को जाम से राहत मिल सके।
इसी मांग को लेकर हाल ही में महिला संगठन की महिलाओं ने जिला पदाधिकारी बिनोद दुहान के जनता दरबार में पहुंचकर आवेदन सौंपा। आवेदन में अररिया में जल्द भूमि उपलब्ध कराकर अत्याधुनिक बस स्टैंड निर्माण की मांग की गई। महिलाओं का कहना था कि बस स्टैंड नहीं होने से यात्रियों, खासकर महिलाओं और बच्चों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
डीएम बोले- जल्द उपलब्ध होगी जमीन
इस मुद्दे पर नवबिहार 24 के संवाददाता राजीव सिंह ने जिला पदाधिकारी बिनोद दुहान से मुलाकात कर जानकारी ली। जिला पदाधिकारी ने बताया कि अररिया नगर परिषद को बस स्टैंड निर्माण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया जारी है और जल्द ही बस स्टैंड के लिए जमीन उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके बाद निर्माण कार्य आगे बढ़ेगा।
जिला पदाधिकारी ने यह भी बताया कि शहर में फुटकर दुकानदारों के लिए भी एक उपयुक्त स्थान चिह्नित करने की प्रक्रिया चल रही है, ताकि उन्हें व्यवस्थित रूप से बैठाया जा सके और शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर हो। प्रशासन अन्य कई जनसुविधा से जुड़े मुद्दों पर भी काम कर रहा है।
अररिया से राजीव सिंह की रिपोर्ट.