अररिया में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में घरेलू उपभोक्ताओं की छतों पर सोलर पैनल अधिष्ठापन, कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं को मुफ्त सोलर सुविधा उपलब्ध कराने तथा अधिक से अधिक लोगों तक योजना का लाभ पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
अररिया: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला पदाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं की छतों पर सोलर पैनल लगाने और कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के लिए मुफ्त सोलर पैनल उपलब्ध कराने की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजना के लाभुकों की संख्या बढ़ाने तथा लंबित प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जानकारी दी गई कि विद्युत प्रमंडल अररिया एवं फारबिसगंज क्षेत्र में कुटीर ज्योति योजना के अंतर्गत कुल 6293 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि पीएम सूर्य घर योजना के तहत 1711 आवेदन प्राप्त किए गए हैं। जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों के आधार पर वेंडर चयन की प्रक्रिया तेज की जाए, ताकि लाभुकों को जल्द से जल्द योजना का लाभ मिल सके। साथ ही संबंधित विभागों को लोगों को योजना से जोड़ने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया।
बैंक समन्वय और जागरूकता पर जोर
बैठक के दौरान सोलर पैनल अधिष्ठापन के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में संबंधित शाखा प्रबंधकों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि पात्र लाभुकों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की बाधा न हो।
इसके अलावा स्थानीय स्तर पर वार्ड सदस्य, मुखिया एवं मीटर रीडर के माध्यम से लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति जागरूक करने पर बल दिया गया। कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के लिए प्रखंडवार जीविका समूहों के माध्यम से सहमति पत्र भरवाने की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
सोलर ऊर्जा के नए विकल्प तलाशने के निर्देश
बैठक में जिला पदाधिकारी ने सौर ऊर्जा के अधिक उपयोग पर बल देते हुए कहा कि जिस प्रकार छठ पर्व में सूर्य की उपासना की जाती है, उसी प्रकार सूर्य की शक्ति का उपयोग बिजली उत्पादन में भी किया जाना चाहिए। उन्होंने बड़े तालाबों पर सोलर पैनल स्थापित कर ऊर्जा उत्पादन की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। “ऊपर बिजली, नीचे मछली” मॉडल के आधार पर वैकल्पिक ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की गई।
बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष आफताब अजीम पप्पू, नगर परिषद अररिया के अध्यक्ष विजय कुमार मिश्रा, विकास प्रशाखा के प्रभारी पदाधिकारी तथा विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता अररिया एवं फारबिसगंज सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अररिया से राजीव सिंह की रिपोर्ट।