अररिया जिले के मिथिला पब्लिक School, भदेश्वर में नए सत्र 2026-27 के लिए आयोजित एनसीसी भर्ती प्रक्रिया में 50 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। 35 बिहार बटालियन एनसीसी पूर्णिया के तत्वावधान में आयोजित इस चयन प्रक्रिया में कक्षा आठवीं और नौवीं के कुल 243 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिसमें विभिन्न चरणों की जांच और परीक्षा के बाद अंतिम चयन सूची जारी की गई।
अररिया: 35 बिहार बटालियन एनसीसी पूर्णिया के तत्वावधान में बुधवार को मिथिला पब्लिक स्कूल, भदेश्वर, अररिया में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एनसीसी कैडेट भर्ती कार्यक्रम आयोजित किया गया। भर्ती प्रक्रिया का आयोजन 35 बिहार बटालियन एनसीसी पूर्णिया के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल उमेश कुमार छेत्री की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के कक्षा आठवीं और नौवीं के कुल 243 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिनमें से अंतिम रूप से 50 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया।
तीन चरणों में हुई चयन प्रक्रिया
एनसीसी भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और अनुशासित बनाने के उद्देश्य से कई निर्धारित मानकों का पालन किया गया। चयन प्रक्रिया के प्रथम चरण में छात्र-छात्राओं की प्राथमिक चिकित्सा जांच की गई। इसके बाद दूसरे चरण में शारीरिक दक्षता का परीक्षण लिया गया, जिसमें अभ्यर्थियों की फिटनेस और क्षमता का आकलन किया गया। तीसरे चरण में सभी प्रतिभागियों को लिखित परीक्षा से गुजरना पड़ा।
लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर मेधा सूची तैयार की गई। सभी प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद अंतिम रूप से 50 छात्र-छात्राओं को एनसीसी कैडेट के रूप में चयनित किया गया। विद्यालय प्रशासन के अनुसार, चयनित छात्र-छात्राओं को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्र सेवा और सैन्य प्रशिक्षण से जुड़ी गतिविधियों का अवसर मिलेगा।
सेना और विद्यालय प्रशासन के अधिकारी रहे मौजूद
भर्ती कार्यक्रम के दौरान सेना एवं विद्यालय प्रशासन के कई अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर 35 बिहार बटालियन एनसीसी पूर्णिया के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल उमेश कुमार छेत्री, एडम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल हिम्मत सिंह, सूबेदार मेजर सुरेश चंद्र परमार, ट्रेनिंग जेसीओ सिकंदर यादव, विद्यालय प्राचार्या पुतुल मिश्रा, निदेशक विपुल मिश्रा तथा एनसीसी अधिकारी सेकेंड ऑफिसर राजीव कुमार झा मौजूद रहे।
इसके अलावा विद्यालय प्रबंधन की ओर से भर्ती प्रक्रिया को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंधक आलोक निरंजन झा, उप प्राचार्य अमित झा और शिक्षक मनोज कुमार झा सहित अन्य शिक्षकों की सक्रिय भूमिका रही। विद्यालय परिसर में पूरी चयन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
अररिया से राजीव सिंह की रिपोर्ट।