अररिया जिले के पलासी थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 193 ग्राम स्मैक, ₹44,600 नगद और अन्य सामान के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जबकि मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।
नशे के कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
अररिया: नशामुक्त बिहार अभियान के तहत अररिया पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में पलासी थाना क्षेत्र से बड़ी सफलता मिलने का दावा किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अररिया की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार 26 मई 2026 की शाम करीब 8:20 बजे पलासी थाना को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम पोठिया निवासी राहुल कुमार यादव अपने घर में व्यावसायिक उद्देश्य से भारी मात्रा में स्मैक रखकर उसे छोटी-छोटी पन्नियों में पैक कर बिक्री कर रहा है।
सूचना में यह भी बताया गया कि बरहट क्षेत्र से कुछ लोग स्मैक खरीदने के लिए उसके घर पहुंचे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। रात करीब 9:10 बजे पुलिस टीम ने आरोपी के घर की घेराबंदी की।
पुलिस के अनुसार छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपी राहुल कुमार यादव पीछे के रास्ते से बांस की चहारदीवारी तोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। हालांकि मौके से एक अन्य व्यक्ति को पकड़ लिया गया, जिसने पूछताछ में अपना नाम मो. अफाक बताया।
स्मैक, नकदी और अन्य सामान जब्त
पुलिस द्वारा कमरे की तलाशी लेने पर बिस्तर पर रखे कुल 12 पोटलों में पैक 193 ग्राम गीला स्मैक बरामद किया गया। इसके अलावा कथित रूप से नशीले पदार्थों की बिक्री से अर्जित ₹44,600 नगद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक सैमसंग मोबाइल, पैकिंग में प्रयुक्त चाकू-कैंची तथा एक अपाचे मोटरसाइकिल जब्त की गई।
इस संबंध में पलासी थाना कांड संख्या 227/2026, दिनांक 26 मई 2026 को धारा 8(c)/20(b)(ii)/22(c) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि फरार मुख्य आरोपी राहुल कुमार यादव की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी मो. अफाक (35 वर्ष), निवासी बरहट वार्ड संख्या 03, थाना पलासी का पूर्व में भी कई मामलों में आपराधिक इतिहास दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। छापेमारी टीम में पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं शस्त्र बल शामिल थे।
अररिया से राजीव सिंह की रिपोर्ट।