पलासी/अररिया। अररिया जिले के पलासी थाना क्षेत्र अंतर्गत कोढ़ैली पश्चिम पार गांव में अभियुक्त की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम के साथ मारपीट और अभियुक्त को बलपूर्वक छुड़ाने का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब पलासी थाना पुलिस उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले की पुलिस टीम के साथ एक मामले के अभियुक्त को गिरफ्तार करने पहुंची थी। इस दौरान महिला पुलिसकर्मी के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। मामले में कई नामजद समेत 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पलासी थाना में पदस्थापित सअनि विजय कुमार यादव ने लिखित शिकायत में बताया कि दिवा गश्ती के दौरान वरीय पदाधिकारी से सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिला के थाना अनपरा कांड संख्या 54/26 के अभियुक्त मो राशिद, पिता मुमताज अहमद, निवासी कोढ़ैली पश्चिम पार को गिरफ्तार करने में सहयोग करना है। इसके बाद पलासी थाना पुलिस, उत्तर प्रदेश पुलिस टीम के साथ अभियुक्त के गांव पहुंची।
महिला पुलिस से अभद्रता, कई लोगों पर नामजद केस
शिकायत में कहा गया है कि पुलिस टीम ने छापेमारी कर अभियुक्त को हिरासत में लेकर वाहन में बैठा दिया था। इसी दौरान अभियुक्त के परिजन और अन्य लोग एकत्र होकर गिरफ्तारी का विरोध करने लगे। आरोप है कि पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज, मारपीट की गई और महिला पुलिसकर्मी के साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
एफआईआर में यह भी उल्लेख किया गया है कि काफी संख्या में लोग पहुंचकर पुलिस गाड़ी को घेर लिया और गिरफ्तार अभियुक्त को वाहन से उतारकर छुड़ा लिया। इसके बाद पुलिस टीम दोबारा कोढ़ैली गांव पहुंची और अभियुक्त को पुनः गिरफ्तार किया गया।
दर्ज प्राथमिकी में सऊद, जब्बार, शौकत, अरसद, मसूद, रब्बान, मो अताउल्लाह, तनवीर, मो अंसार, सरफराज आलम, संतोष कुमार मंडल सहित 20-25 अन्य लोगों को आरोपित बनाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पलासी/अररिया से दिलीप बिश्वास की रिपोर्ट
