भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सशस्त्र सीमा बल की 52वीं वाहिनी ने मजरख सीमा चौकी क्षेत्र से विभिन्न विद्युत सामग्री और 90 किलोग्राम यूरिया बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान नेपाल निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का लाभ उठाकर नेपाल की ओर भागने में सफल रहे।
अररिया। सशस्त्र सीमा बल की 52वीं वाहिनी ने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कार्रवाई करते हुए विभिन्न विद्युत सामग्री और दो बोरी यूरिया, कुल 90 किलोग्राम, बरामद किया है। इस दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई 8 सितंबर 2026 की सुबह मजरख बाह्य सीमा चौकी क्षेत्र में की गई।
52वीं वाहिनी के अनुसार, कमांडेंट मितुल कुमार के निर्देशन में विशेष सूचना के आधार पर मजरख सीमा चौकी के बलकर्मियों ने कार्रवाई की। निरीक्षक गंगा राम, कैंप कमांडर मजरख ने बताया कि 8 सितंबर को करीब 3:45 बजे सीमा क्षेत्र में गश्त कर रही त्वरित प्रतिक्रिया टीम (क्यूआरटी) ने तीन व्यक्तियों को भारत से नेपाल की ओर सामान ले जाते हुए देखा।
बलकर्मियों ने तीनों व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद वे सामान छोड़कर भागने लगे। क्यूआरटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को पकड़ लिया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अर्जुन प्रसाद साह सूड़ी, उम्र करीब 64 वर्ष, पिता गणेश साह सूड़ी, निवासी वार्ड संख्या 09, रंगेली, जिला मोरंग, नेपाल के रूप में की गई है।
बताया गया कि अन्य दो व्यक्ति अंधेरे का लाभ उठाकर नेपाल की ओर भागने में सफल रहे। मौके से विभिन्न प्रकार की विद्युत सामग्री के साथ भारत यूरिया की दो बोरियां बरामद की गईं। प्रत्येक बोरी का वजन 45 किलोग्राम बताया गया है, जिससे बरामद यूरिया का कुल वजन 90 किलोग्राम है।
बरामद सामान और गिरफ्तार व्यक्ति को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय फारबिसगंज को सुपुर्द करने की प्रक्रिया की जा रही है। कार्रवाई में सशस्त्र सीमा बल के अश्वनी कुमार, तारिक महमूद, अश्वनी भार्गव, बिजेंद्र कुमार, सोमय हसदह और आमिर हुसैन शामिल रहे।