दिलीप बिश्वास पलासी / अररिया। अररिया जिले के पलासी प्रखंड क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खासकर मजलिसपुर ,पिपरा बिजवार एवं डेहटी उत्तर पंचायत सहित कमोबेश सभी पंचायतों में लगी मकई और गेहूं की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। 
स्थानीय किसान ओम प्रकाश सरदार ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर मकई की खेती की थी और इसी फसल के सहारे अपनी बेटी की शादी की तैयारी कर रहे थे। लेकिन अचानक आए तूफान ने उनकी सारी उम्मीदें तोड़ दीं। खेतों में लगी मकई की फसल पूरी तरह टूटकर बिखर गई है, जिससे अब उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
वहीं करोड़ गांव के किसान अखिलेश कुमार यादव ने भी बताया कि उनकी मकई और गेहूं दोनों फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में ऐसे कई किसान हैं जिनकी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं और अब उनके सामने जीविका का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
पिपरा बिजवार पंचायत के सरपंच मुन्ना कुमार सरदार ने स्थिति को गंभीर बताते हुए कहा कि हजारों किसानों को इस आपदा से भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि सभी प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे इस संकट से उबर सकें।किसानों ने प्रशासन से भी अपील की है कि नुकसान का सर्वे कराकर जल्द राहत उपलब्ध कराई जाए। फिलहाल पूरे क्षेत्र में मायूसी का माहौल है और किसान अपनी बर्बाद फसलों को देखकर बेहद चिंतित हैं।
