घनी आबादी वाले इलाके के घर और दुकान से ढाई सौ से अधिक घरेलू गैस सिलेंडर बरामद, प्रशासन की छापेमारी के बाद मचा हड़कंप
फारबिसगंज/अररिया। जिले के फारबिसगंज में घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। घनी आबादी वाले इलाके में एक घर और बंद दुकान में अवैध रूप से बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर जमा कर रखे गए थे। जिला प्रशासन की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए ढाई सौ से अधिक भरे हुए घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए।
यह कार्रवाई फारबिसगंज के पोखर बस्ती वार्ड संख्या 15 अंसारी चौक के पास की गई। छापेमारी के दौरान प्रशासन को एक मकान और ताला लगे गोदामनुमा दुकान से भारी मात्रा में सिलेंडर मिले। बरामदगी के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रशासन की ओर से सभी सिलेंडरों को जब्त कर फारबिसगंज थाना भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
घर और गोदाम से मिला अवैध स्टॉक
छापेमारी टीम का नेतृत्व एसडीएम अभय कुमार तिवारी ने किया। उनके साथ अवर निर्वाचन पदाधिकारी अविनाश कृष्ण और फारबिसगंज थाना पुलिस भी मौजूद थी। जांच के दौरान मो. इमरान, पिता मो. साबिर के घर और गोदाम से बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर बरामद किए गए।
प्रशासन के अनुसार, इन सिलेंडरों को अवैध रूप से जमा कर कालाबाजारी के उद्देश्य से स्टॉक किया गया था। इलाके के लोगों का कहना है कि लंबे समय से गैस सिलेंडर की कृत्रिम कमी पैदा कर अधिक कीमत पर बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ वेंडर एजेंसी संचालकों और कर्मचारियों की मिलीभगत से घरों में सिलेंडर जमा कर ऊंचे दामों पर बेचते हैं। इस कार्रवाई के बाद ऐसे नेटवर्क पर प्रशासन की नजर और सख्त हो गई है।
घनी आबादी में सिलेंडर स्टॉक से बड़ा खतरा
मामले का एक गंभीर पहलू यह भी सामने आया है कि इतनी बड़ी संख्या में भरे हुए गैस सिलेंडर घनी आबादी वाले क्षेत्र में रखे गए थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह स्थिति किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।
प्रशासन का कहना है कि जिले में घरेलू एलपीजी और व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। इसके बावजूद कृत्रिम कमी पैदा कर कालाबाजारी की जा रही थी।
एसडीएम अभय कुमार तिवारी ने स्पष्ट कहा कि जमाखोरी और कालाबाजारी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मामले की जांच जारी है और अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कहीं गैस सिलेंडर की जमाखोरी या कालाबाजारी की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि ऐसी गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाई जा सके।