जोकीहाट (अररिया)। जोकीहाट थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे-327E पर पशु तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने चरघड़िया के समीप एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली, जिसमें अवैध रूप से ले जाए जा रहे 22 मवेशी (14 गाय और 8 बछड़े) बरामद किए गए। इस दौरान मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायालय के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि अररिया–किशनगंज सीमा की ओर से एक ट्रक में अवैध रूप से मवेशियों को ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने हाईवे पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया। जांच के दौरान चरघड़िया के पास एक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान ट्रक के भीतर 14 गाय और 8 बछड़े पाए गए, जिन्हें बेहद क्रूरतापूर्ण और असंवेदनशील तरीके से बांधकर रखा गया था। मवेशियों को क्षमता से अधिक संख्या में लादा गया था, जिससे उनकी हालत भी खराब बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके से ट्रक संख्या AS-01-SC-1539 को जब्त कर लिया। वाहन में मौजूद लोगों से जब पशु परिवहन अनुमति पत्र और खरीद से संबंधित दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जयप्रकाश सिंह (चालक), पिता धनपत सिंह, निवासी वाजिदपुर मलाही, वार्ड-12, थाना विदुपुर बाजार, जिला वैशाली, राजगीर कुमार, पिता विश्वेश्वर राय, निवासी सैदपुर गणेश, वार्ड-09, थाना विदुपुर बाजार, जिला वैशाली तथा सैयद अली, पिता तुराप अली, निवासी कैराबाड़ी कलाभंगा, थाना बरपेटा रोड, जिला बारपेटा (असम) के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने बताया कि ट्रक में क्षमता से अधिक मवेशी लादे गए थे और उन्हें अमानवीय तरीके से बांधकर ले जाया जा रहा था, जो पशु क्रूरता अधिनियम का उल्लंघन है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
आवश्यक पूछताछ के बाद सभी आरोपितों को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस इस मामले में पशु तस्करी के नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की भी जांच कर रही है।