पलासी में पैक्स चुनाव: नामांकन के अंतिम दिन 88 प्रत्याशियों ने दाखिल किया पर्चा

पलासी (अररिया)। प्रखंड की 11 पंचायतों में होने वाले पैक्स चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शनिवार को समाप्त हो गई। अंतिम दिन कुल 88 अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। इनमें अध्यक्ष पद के लिए 16 तथा सदस्य पद के लिए 72 उम्मीदवार शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार पूरे दिन नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

आरओ सह बीडीओ आदित्य प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न पंचायतों से उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। इनमें धर्मगंज से 6, पीपरा बिजवार से 1, चहटपुर से 15, कनखूदिया से 4, ब्रह्कुम्बा से 11, सोहंदर से 9, नकटा खुर्द से 7, मियांपुर से 16, बरदबट्टा से 1, पेचैली से 15 तथा रामनगर से 11 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया।

अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतरे प्रमुख उम्मीदवारों में जुबेर आलम, जुल्केर नैन, येगेंद्र यादव, युगेश प्रसाद चौधरी, शिवानंद यादव, डाबर अली, युगल किशोर यादव, आशा देवी, निगम राही, बीबी जोहरा, मुश्ताक और साबरा सहित अन्य नाम शामिल हैं। नामांकन के बाद अब इन सभी प्रत्याशियों की नजर आगामी चुनाव प्रक्रिया पर टिकी हुई है।

प्रशासन ने चुनाव को लेकर आगे की प्रक्रिया भी स्पष्ट कर दी है। 9 और 10 मार्च को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी, जबकि 11 मार्च को नाम वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। उसी दिन प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद सभी उम्मीदवारों को चुनाव प्रचार का अवसर मिलेगा।

प्रखंड प्रशासन के अनुसार 18 मार्च को मतदान कराया जाएगा। मतदान के लिए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और चुनाव को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यवस्था की जा रही है।

बीडीओ आदित्य प्रकाश ने बताया कि अंतिम दिन नामांकन केंद्र पर सुरक्षा और व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई। उन्होंने कहा कि आगामी चरणों को भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराया जाएगा।

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब पैक्स चुनाव को लेकर पंचायतों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है और उम्मीदवार अपने-अपने क्षेत्रों में समर्थन जुटाने में सक्रिय हो जाएंगे।

दिलीप बिश्वास की रिपोर्ट 

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *